लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

(आशीष मौर्य संपादक / जयेंद्र गोले) : बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी महिला फरहत सिंह, निवासी विनायक होम्स, तारबाहर, बिलासपुर, लोगों से लोन दिलाने के बहाने पैसे ऐंठती थी और उन्हें ठगती थी।
पीड़िता लता यादव समेत कई अन्य लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने 5 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 22,300 रुपये ले लिए, लेकिन लोन नहीं दिया। इसी तरह अन्य लोगों से भी करीब 1.5 लाख रुपये की ठगी की गई।
शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 161/25 के तहत धारा 318(4), 316(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान आरोपी के कार्यालय से दस्तावेज जब्त किए गए। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद साबद्रा के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश की गई और उसे तारबाहर स्थित निवास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, सउनि कृष्ण कुमार यादव, आरक्षक नुरूल कादीर, गोकुल जांगड़े और धीरेंद्र सिंह का विशेष योगदान रहा।




