प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज: आंधी-तूफान, बारिश और वज्रपात की चेतावनी….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने आज के लिए कई अहम संकेत दिए हैं। कहीं हल्की बारिश तो कहीं आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर पश्चिम बांग्लादेश तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका बनी हुई है।
वहीं, मध्य प्रदेश के मध्य भाग से लेकर कोमोरिन क्षेत्र तक हवा की अनियमित गति के कारण एक और द्रोणिका सक्रिय है, जो मौसम में बदलाव का कारण बन रही है। इसके अलावा, अंदरूनी महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों में 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक एक प्रति चक्रवात भी बना हुआ है। उधर, 54 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर पड़ रहा है।इन सभी सिस्टम्स के प्रभाव से प्रदेश में 28 अप्रैल को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में तेज अंधड़ चल सकता है और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, प्रदेश के मध्य भाग में अभी भी ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है।फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।




