छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम अलर्ट: अगले 5 दिन तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में अगले 5 दिनों तक तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, वहीं कई इलाकों में वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं।

Advertisement

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री पेण्डा रोड में दर्ज हुआ। चरमा में 3 सेंटीमीटर और गरियाबंद में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणी मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड तक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं ओडिशा और उससे लगे छत्तीसगढ़ क्षेत्र के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी सिस्टम के असर से प्रदेश में मौसम बदला हुआ है।

Advertisement

अगले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। नाउकास्ट चेतावनी में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, जशपुर, सरगुजा समेत कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। रायपुर ,बिलासपुर शहर में भी आज आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button