रिहायशी अपार्टमेंट में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 47 मामलों का आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस ने रिहायशी अपार्टमेंट में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में मेरठ निवासी आदतन चोर ताज मोहम्मद को पकड़ा गया है, जिसके खिलाफ देश के विभिन्न शहरों में 47 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पूरी कार्रवाई बेहद सुनियोजित तरीके से की गई। पुलिस टीम ने करीब 20 दिनों तक दिल्ली और मेरठ सहित अन्य संभावित ठिकानों पर कैम्प कर जानकारी जुटाई। शहर में लगे 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, फिंगरप्रिंट जुटाए गए और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद 24 अप्रैल 2026 को आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बिलासपुर के साकेत और रियल हेवन अपार्टमेंट में चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। आरोपी अपने साथी के साथ फ्लैट्स को निशाना बनाकर ताला तोड़ता था और सोने-चांदी के जेवर चोरी करता था। चोरी के बाद वह सोने को गलाकर छुपा देता था, ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने आरोपी के पास से 35.34 ग्राम गला हुआ सोना और सोना गलाने की चिमनी बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 4.99 लाख रुपए बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के साथी वसीम मोहम्मद को भी जल्द बिलासपुर लाने की तैयारी कर रही है, जो फिलहाल दिल्ली जेल में बंद है। इस बड़ी सफलता के लिए पुलिस टीम की सराहना की गई है और उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है। यह कार्रवाई एक बार फिर दर्शाती है कि तकनीक और लगातार प्रयास से पुलिस बड़े से बड़े गिरोह तक पहुंचने में सक्षम है।




