तेंदुए के हमले से बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों में दहशत

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कुंवारपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम डोंगरीटोला में मंगलवार देर रात तेंदुए के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गांव में घुसे तेंदुए ने घर के बाहर सो रहे कुवारे पिता बोड्डा पर हमला किया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। सुबह ग्रामीणों को जंगल किनारे उनका क्षत-विक्षत शव मिला, जिसके बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने बताया कि रात में जानवरों के चीखने और लोगों के शोर की आवाज सुनाई दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तेंदुआ बुजुर्ग को लेकर जंगल की तरफ भाग चुका था। ग्रामीणों ने मशाल और टॉर्च के सहारे रातभर तलाश की, लेकिन अंधेरे की वजह से सफलता नहीं मिल सकी। सुबह खोजबीन के दौरान शव बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुंवारपुर थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल गांव में भय का माहौल है और लोगों को रात में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




