VIDEO : सिविल लाइन थाने में हंगामा, आदतन बदमाश की गिरफ्तारी के बाद पत्नी ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टली अनहोनी….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में सोमवार दोपहर सनसनीखेज नजारा देखने को मिला। यहां एक महिला ने थाने के अंदर ही मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश कर डाली। मामला उस वक्त का है जब पुलिस ने उसके पति और आदतन बदमाश संजू टंडन को गिरफ्तार किया था। घटना के बाद पूरे थाने में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मिशन सिक्योर सिटी के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन बदमाश संजू टंडन को उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।आरोपी के पास से हथियार भी बरामद हुआ है।पुलिस रिकॉर्ड में संजू टंडन के खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज हैं और वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहता है। गिरफ्तारी की खबर लगते ही उसकी पत्नी थाने पहुंची।पहले उसने पुलिस अधिकारियों से बहस की और पति को छोड़ने की गुहार लगाई। लेकिन जब उसकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो उसने अचानक अपने पास रखा मिट्टी तेल निकालकर खुद पर उड़ेल लिया और आत्मदाह का प्रयास कर डाला।
थाने के अंदर अचानक इस हरकत से अफरा-तफरी मच गई। महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी और पुलिस को धमकाने की कोशिश की कि अगर पति को नहीं छोड़ा गया तो वह अपनी जान दे देगी। यह पूरा नजारा थाने में मौजूद कैमरे और प्रत्यक्षदर्शियों की नजरों में कैद हो गया।सूझबूझ दिखाते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत महिला को काबू में किया और आत्मदाह की कोशिश को नाकाम बना दिया। पुलिस का कहना है कि महिला ने यह पूरा “ड्रामा” अपने पति को छुड़ाने के लिए रचा था।
फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने महिला के खिलाफ थाने में हंगामा करने और आत्मदाह का प्रयास करने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है और सवाल उठने लगे हैं कि अपराधियों के समर्थन में इस तरह का दबाव बनाने की कोशिश कहीं अपराधियों के हौसले तो बुलंद नहीं कर रही।
थाने के अंदर आत्मदाह का प्रयास निश्चित तौर पर पुलिस सिस्टम पर सवाल खड़े करता है, लेकिन सिविल लाइन पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। अब देखना होगा कि आदतन बदमाश संजू टंडन और उसकी पत्नी पर आगे क्या कार्रवाई होती है।



