ऑपरेशन मुस्कान मे बिलासपुर पुलिस का राज्य मे दूसरा स्थान,एक माह मे 151 गुम बालक बालिकाओं को किया दस्तयाब….
(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्य कर दिखाया है। पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर के निर्देश पर पूरे छत्तीसगढ़ में जुलाई माह के दौरान ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया गया, जिसमें बिलासपुर पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 151 अपहृत बालक-बालिकाओं को दस्तयाब किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में इस अभियान को गंभीरता से लिया गया। जिले के सभी थानों में लंबित अपहरण मामलों की स्वयं समीक्षा की गई और प्रत्येक केस पर विशेष ध्यान देकर तकनीकी मदद व मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया। इसके बाद विभिन्न थानों से टीमें बनाकर महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों में रवाना किया गया।
1 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक चले इस अभियान में 14 बालकों और 137 बालिकाओं सहित कुल 151 बच्चों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया। कई बच्चे जो सालों से गुम थे, अब अपने घर लौट सके हैं। इस परिजनों ने बिलासपुर पुलिस को दिल से धन्यवाद कहा।इस सफलता पर एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी अधिकारी, थाना प्रभारी और विवेचकों को बधाई दी है और उन्हें नगद इनाम देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि इससे पहले जून माह में चलाए गए ऑपरेशन तलाश में भी बिलासपुर पुलिस ने 1056 गुम महिला-पुरुषों की दस्तयाबी कर राज्य में पहला स्थान हासिल किया था।बिलासपुर पुलिस की ये पहल न सिर्फ प्रशासनिक दृष्टिकोण से बल्कि मानवीय संवेदनाओं की दृष्टि से भी अत्यंत प्रेरणादायक मानी जा रही है।




