एनीकट में मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

(शैलेश सोनी) : मरवाही: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपरडोल स्थित सोन नदी एनीकट में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। युवक के सीने पर गोदना से “जय श्री राम” लिखा हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल मरवाही पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने और मृतक की शिनाख्त के लिए जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि मृतक के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उसकी पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।




