छत्तीसगढ़

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10.50 करोड़ का गांजा जब्त….

बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का 1941 किलो से अधिक गांजा और 50 लाख रुपये कीमत का एक ट्रक जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें गांजा तस्करी सिंडिकेट का मुख्य सरगना भी शामिल है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 10 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

Advertisement

पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिली थी कि गांजा तस्करी से जुड़ा आरोपी लोकेश शर्मा क्षेत्र में सक्रिय है। इसी सूचना पर थाना बसंतपुर पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए राजस्थान नंबर के एक 16 चक्का टाटा ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर छिपाकर रखे गए 62 पैकेटों से कुल 1941 किलो 110 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश निवासी लोकेश शर्मा और आमिष अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।

 

जांच में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश भेज रहे थे। गिरफ्तार लोकेश शर्मा पहले भी वर्ष 2025 में बसंतपुर थाना क्षेत्र में पकड़ी गई 1198 किलो गांजा तस्करी के मामले का मुख्य आरोपी रहा है। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट संचालित कर रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई को बलरामपुर पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button