नहाने गए दो युवकों की तालाब में डूबकर मौत….

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – खमतराई तालाब में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सात दोस्तों के साथ नहाने गए दो युवकों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मिली जानकारी के अनुसार सभी युवक तालाब में मस्ती करते हुए नहा रहे थे। इसी दौरान दो युवक गहरे हिस्से में चले गए और पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके। देखते ही देखते दोनों डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके और दोनों पानी में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों युवकों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान हिमांशु चहांडे और शिवम मानिकपुरी के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद पांच दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच इस बात को लेकर भी की जा रही है कि कहीं किसी तरह का विवाद तो नहीं हुआ था। हालांकि शुरुआती जांच में मामला हादसा ही प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर खुले जलस्रोतों में सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




