मोपका चौक में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, निगम ने 30 से अधिक दुकानों को हटाया….

(भूपेंद्र सिंह राठौर/जय साहू) : बिलासपुर के मोपका चौक पर निगम प्रशासन ने सरकारी ज़मीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की बड़ी कार्यवाही शुरू कर दी है। निगम आयुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई । जिसमे 20 से अधिक दुकानों को यहां से हटाया गया।
मोपका चौक के पास शासकीय भूमि पर अवैध रूप से काबिज़ दुकानों को हटाने की कार्यवाही शुक्रवार सुबह निगम प्रशासन द्वारा शुरू की गई। निगम आयुक्त के निर्देश पर करीब 10 स्थायी दुकानों और 20 से अधिक अस्थायी दुकानों को हटाया गया। इनमें फल, सब्जी, नाश्ते के ठेले और गुमटियां शामिल थीं।
प्रशासन ने दो दिन पहले ही सभी कब्जाधारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि वे अपनी दुकानें स्वयं खाली कर दें। इसके बावजूद कई दुकानदारों ने रोड के किनारे कब्जा बरकरार रखा। जिसके बाद निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम, प्रभारी प्रमिल शर्मा के नेतृत्व में दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्यवाही की गई। इस दौरान मौके पर कुछ दुकानदारों ने विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई जारी रखी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन अवैध दुकानों की वजह से बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति बनती थी और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी होती थी।
निगम प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और ऐसे कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। निगम का कहना है कि अब सड़क और सरकारी ज़मीन पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।




