अस्पताल में ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट, दो कर्मचारी झुलसे

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के कोनी स्थित मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रांसफॉर्मर पैनल में अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
वॉइस ओवर: जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब सीपीडब्ल्यूडी के कर्मचारी ट्रांसफॉर्मर की रूटीन जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज से पूरा अस्पताल परिसर गूंज उठा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान इलेक्ट्रिशियन शिवशंकर कंवर और इंजीनियर यश अग्रवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान बिजली सप्लाई बंद थी, लेकिन जैसे ही फॉल्ट चेक करने के बाद ट्रांसफॉर्मर को चालू किया गया, अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि दोनों कर्मचारी उसकी चपेट में आकर झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया और दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रभारी अधिकारी डॉ. बीपी सिंह की निगरानी में इलाज शुरू किया गया और हालत को देखते हुए दोनों को एम्बुलेंस के जरिए सिम्स रेफर कर दिया गया।
वर्तमान में दोनों का उपचार सिम्स के कैजुअल्टी वार्ड में जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यश अग्रवाल को हल्की जबकि शिवशंकर कंवर को ज्यादा झुलसन हुई है, हालांकि दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि यह हादसा रूटीन मेंटेनेंस के दौरान हुआ है। ट्रांसफॉर्मर सीपीडब्ल्यूडी के नियंत्रण में है और उसी के माध्यम से अस्पताल को बिजली आपूर्ति होती है। समय रहते चिकित्सा सुविधा मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।




