ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर पुलिस की रेड, डकैती का फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छाल थाना क्षेत्र के कुरकुट पुल के पास रेड मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आईपीएल मैच के दौरान बॉल टू बॉल सट्टा खिलाए जाने की सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से मोबाइल फोन, नगदी और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में पकड़ा गया मुख्य आरोपी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु निकला, जो रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में डकैती के मामले में लंबे समय से फरार था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध में भी जेल जा चुका है। फरारी के दौरान वह ओडिशा, रायपुर और रायगढ़ के बीच छिपते हुए गांव में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का नेटवर्क चला रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि रूपधर पटेल ने ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कर मैच में दांव लगाया था।
छाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, नगदी और सट्टे से जुड़ी सामग्री समेत करीब 82 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग के अवैध कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई




