ऑपरेशन क्लीन हंट : ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुभेष अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी आईपीएल समेत अन्य क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालन, रुपये के लेन-देन और हिसाब-किताब का काम करता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार अप्रैल 2025 में खरसिया क्षेत्र में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के मामले में आरोपी अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से मोबाइल फोन और 21 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे। जांच में व्हाट्सएप ग्रुपों के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालन के प्रमाण मिले थे। पूछताछ के दौरान अंकित ने सुभेष अग्रवाल और अमित अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा कारोबार संचालित करने की जानकारी दी थी।
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि सुभेष अग्रवाल क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से सट्टा संचालन में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया। वहीं मामले का एक अन्य आरोपी अमित अग्रवाल अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि ऑनलाइन सट्टा जैसे संगठित अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सभी आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




