बिलासपुर

सड़कों को कब्जा मुक्त करने, दो नए वेंडिंग जोन बनाये गए……

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – शहर की सड़कों और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज़ हो गया है। निगम ने अब सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे सभी ठेला व्यवसायियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जो सड़क, फुटपाथ या नाली पर अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए थे।

Advertisement

निगम कार्यालय में बुधवार को हुई एक अहम बैठक में निगम कमिश्नर अमित कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी शासकीय भूमि पर अब ठेला लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस बैठक में एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे समेत सभी जोन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ठेला व्यवसायी मौजूद रहे। निगम ने शहर के लिए दो वैकल्पिक स्थान मुंगेली नाका मैदान और व्यापार विहार को वेंडिंग ज़ोन के रूप में चिन्हित किया है। यहां व्यवसायियों को स्थान देकर फुटपाथ को आम लोगों के लिए फिर से चलने लायक बनाया जाएगा।

Advertisement

जोन क्रमांक 3 की जोन कमिश्नर सविंना अनंत ने गुरुवार को मुंगेली नाका मैदान का निरीक्षण किया उनकी उपस्थिति मे यहाँ मार्किंग की गई । उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर ठेले अस्थायी रूप से लगाए जा रहे हैं, वहाँ से हटाकर सूचीबद्ध कर इन्हें व्यवस्थित ज़ोन में लाया जाएगा।

इस अभियान से सबसे ज्यादा राहत आम नागरिकों को मिलने वाली है, उन्हें अब तक पैदल चलने के लिए भी जगह नहीं मिलती थी। निगम द्वारा किए गए इन प्रयासों से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि यातायात व्यवस्था भी सुचारू होगी। निगम ने यह भी आश्वासन दिया है कि भविष्य में हर वार्ड में जमीन की उपलब्धता के अनुसार स्थायी वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे, ताकि ठेला व्यवसायी बिना बाधा के अपना व्यवसाय कर सकें और आम लोगों को भी असुविधा ना हो।

 

Related Articles

Back to top button