बदमाश के आतंक से तंग ग्रामीणों ने घेरा थाना, जिलाबदर की मांग को लेकर गृहमंत्री के निवास पहुंचे

रायपुर – मुजगहन थाना क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में सक्रिय निगरानी बदमाश तरुण रात्रे और उसके गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, तरुण रात्रे जेल से छूटने के बाद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया है। बताया जा रहा है कि वह अपने साथियों के साथ चाकू, तलवार जैसे हथियार लेकर भटगांव समेत आसपास के कई गांवों में दहशत फैलाता है। विरोध करने वालों से मारपीट और धमकी जैसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं।
तरुण रात्रे के खिलाफ माना और मुजगहन थानों में 17 से ज्यादा आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द जिलाबदर किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति बहाल हो सके।
थाने का घेराव करने के बाद ग्रामीण गृहमंत्री और डीसीएम के निवास की ओर रवाना हो गए हैं, जहां वे ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। इस बीच, तरुण रात्रे की बदमाशी का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह अपने साथियों के साथ हथियार लहराते और ग्रामीणों को धमकाते हुए नजर आ रहा है।ग्रामीणों की नाराज़गी और इलाके में बढ़ते अपराध को देखते हुए पुलिस अब मामले की जांच तेज कर रही है।




