आंदोलन के दौरान अस्वस्थ हुए ग्रामीणों से मिले कलेक्टर-एसपी, बेहतर इलाज के दिए निर्देश

जांजगीर-चाम्पा – डोंगाकोहरौद क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान अस्वस्थ हुए दो स्थानीय ग्रामीणों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय अस्पताल पहुंचे और दोनों ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
कलेक्टर और एसपी ने चिकित्सकों को दोनों मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों ग्रामीणों की हालत सामान्य और स्थिर है तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि डोंगाकोहरौद मार्ग की मरम्मत का कार्य फिलहाल कराया जा रहा है ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। वहीं सड़क के स्थायी निर्माण के लिए शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।



