प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार….

रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना कबीर नगर पुलिस ने सोनडोंगरी तालाब के पास से तीन आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली सिरप की खेप के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक बोरी और बैग में अवैध नशीली सिरप रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम दौलत राम पोर्ते और नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक ईशू अग्रवाल के निर्देश पर थाना प्रभारी कबीर नगर की टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम राहुल बंजारे और नंदन मिश्रा हैं। तलाशी में उनके पास से बोरी, बैग और कार्टन में रखी TUSCOREX SYRUP की कुल 100 शीशियाँ मिलीं, जिनकी कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ के दौरान किसी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
आरोपियों के मेमोरेंडम पर पुलिस ने तीसरे आरोपी सुरेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 185/2025, धारा 21(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि नशे के काले कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश और विस्तृत पूछताछ जारी है।




