मालिक की कार चुराकर भागा नौकर, पुलिस और साइबर टीम ने चंद घंटों में पकड़ा….

जांजगीर-चांपा – ड्राइवर ने अपने ही मालिक की कार चोरी कर ली और फरार हो गया। लेकिन पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई से कुछ ही घंटों में आरोपी धर दबोचा गया।
घटना चांपा थाना क्षेत्र की है। पीड़ित पवन कुमार सोमानी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने अपनी टाटा हेक्सा कार (CG11AP7788) 9 जून की रात गुरुद्वारा के पास पार्क की थी। लेकिन अगली सुबह कार गायब थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की और संदेह पूर्व ड्राइवर दिपांशु लहरे, उम्र 19 वर्ष, निवासी किसान परसदा, मस्तुरी (बिलासपुर) पर गया।
CCTV फुटेज खंगालने व तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने आरोपी को जयराम नगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूलते हुए बताया कि वह पहले श्री कृष्णा इंफ्रा डेवलपर में ड्राइवर था और मालिक की गाड़ी देखकर उसकी नियत खराब हो गई थी।
आरोपी ने कार की नंबर प्लेट बदलकर उसे टैक्सी बुकिंग के लिए इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी।पुलिस ने आरोपी के गांव किसान परसदा से 7 लाख रुपए कीमत की टाटा हेक्सा कार बरामद कर ली है।
इस पूरी कार्रवाई को एसपी विजय कुमार पांडेय के निर्देश, एएसपी उमेश कश्यप और एसडीओपी यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, साइबर प्रभारी सागर पाठक और टीम के अन्य सदस्य विवेक सिंह, मनोज तिग्गा, अरुण कुमार सिंह, गोपेश्वर सिंह सहित कई जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस की तत्परता और साइबर तकनीक के इस्तेमाल ने एक और चोरी की गुत्थी सुलझा दी। भरोसे को तोड़ने वाले इस नौकर को अब कानून सज़ा देगा।




