होलिका दहन की रात उजड़ी थी बुजुर्ग की दुनिया, अब फिर से सड़क पर दौड़ेगा नया रिक्शा….

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – होलिका दहन की रात जहाँ पूरा शहर उत्सव मना रहा था, वहीं सरकंडा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग के जीवन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अज्ञात शरारती तत्वों ने बुजुर्ग के इकलौते रिक्शे को आग के हवाले कर दिया था, जो उनकी आजीविका का एकमात्र साधन था।इस मार्मिक घटना को प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद बिलासपुर के संवेदनशील लोग मदद के लिए आगे आए।
बुजुर्ग की लाचारी देख रामसेतु चौक समिति ने तुरंत संज्ञान लिया और नए रिक्शे के लिए 20,000 रुपये की बड़ी राशि प्रदान की। मानवता की इस कड़ी में समिति के अन्य सदस्यों ने भी अपनी ओर से 10,001 रुपये की आर्थिक मदद जोड़कर कुल 30,001 रुपये का सहयोग किया।
नया रिक्शा मिलते ही बुजुर्ग की आँखों में खुशी के आँसू छलक आए। उन्होंने सभी मददगारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी मेहनत की कमाई इतनी जल्दी वापस मिल जाएगी। अब वे फिर से स्वाभिमान के साथ अपना जीवन यापन कर सकेंगे।




