बिलासपुर

बिलासपुर में 14 जून तक रोज़ाना 4 घंटे की बिजली कटौती, मानसून पूर्व मेंटेनेंस में जुटा बिजली विभाग

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में मानसून से पहले बिजली विभाग अलर्ट मोड में है। शहरवासियों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा, लेकिन ये सब व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। तोरवा और नेहरू नगर डिवीजन में आज से लेकर 14 जून तक अलग-अलग इलाकों में मेंटेनेंस के चलते चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

Advertisement

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड यानी सीएसपीडीसीएल ने शहर में बिजली लाइन और सिस्टम के मेंटेनेंस का कार्य शुरू कर दिया है। तोरवा और नेहरू नगर डिवीजन के कई इलाकों में 1 जून से लेकर 14 जून तक रोज़ाना सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली बंद रहेगी।

Advertisement

तोरवा डिवीजन में 1 जून को व्यापार विहार लिंक रोड, 2 जून को सिरगिट्टी, सिलपहरी, कोरमी, हरदी जैसे औद्योगिक क्षेत्र प्रभावित रहेंगे। 3 जून को गीतांजलि सिटी, चिंगराजपारा और सोनगंगा कॉलोनी, 4 जून को इंदिरा चौक से लेकर पुराना हाईकोर्ट क्षेत्र, 5 और 6 जून को लिंगियाडीह, सिंग बोर्ड और गोलबाजार सहित अन्य क्षेत्रों में बिजली कटौती होगी।

1 जून को कोनी इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र, 2 जून को रति नगर और एसबीआर कॉलेज, 6, 8 और 9 जून को इंदिरा विहार, नेहरू नगर, और मोपका क्षेत्र प्रभावित रहेंगे। 10 से 14 जून के बीच सब्जी मंडी, इंदू चौक, स्टेशन रोड और अल्का एवेन्यू जैसे क्षेत्रों में भी बिजली सप्लाई बंद रहेगी।

विद्युत विभाग के अनुसार, ये कार्य मानसून के दौरान बिना बाधा बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए ज़रूरी हैं। विभाग ने यह भी कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर मेंटेनेंस शेड्यूल में बदलाव संभव है। तो अगर आप इन इलाकों में रहते हैं, तो बिजली कटौती से पहले अपनी ज़रूरी तैयारियां कर लें।

 

 

Related Articles

Back to top button