बिलासपुर

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर निगम कमिश्नर सख्त, इंजीनियरों को फील्ड में उतरने के निर्देश

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर नगर निगम के सभी ज़ोन में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने सख्ती दिखाई है। विकास भवन में हुई समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने इंजीनियरों को साफ कहा कि अब उन्हें फील्ड में जाकर काम देखना होगा। काम की गुणवत्ता खराब मिलने पर ठेकेदार के साथ इंजीनियरों पर भी कार्रवाई होगी।

Advertisement

विकास भवन में आयोजित बैठक में निगम कमिश्नर ने सभी ज़ोन के निर्माणाधीन और शुरू न हुए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी काम समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। काम की रफ्तार धीमी होने और सही जानकारी नहीं देने पर जोन नंबर 6 और 8 के इंजीनियरों को नोटिस देने के निर्देश दिए गए। वहीं, अधूरी तैयारी के साथ बैठक में पहुंचे जोन 8 को कड़ी फटकार भी लगाई गई।

Advertisement

कमिश्नर ने कहा कि जो ठेकेदार काम शुरू नहीं कर रहे हैं या देर कर रहे हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और पेनाल्टी भी लगेगी। सभी निर्माण स्थलों पर काम से जुड़ी जानकारी का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश से पहले सभी नाले और नालियों का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खराब नालियों की मरम्मत और नालों के पास मौजूद पाइपलाइन का सर्वे कर शिफ्ट करने को कहा गया है। जल विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने पाइपलाइन मरम्मत, पानी की नियमित जांच और सभी वार्डों में लगातार पानी सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर के सख्त निर्देशों के बाद निगम में लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button