ऑपरेशन निश्चय : 710 नशीली टेबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। गोबरानवापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 710 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम, बिक्री की नगद रकम और एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर विवेक शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर तुलसी राम लेकाम के मार्गदर्शन में गोबरानवापारा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तर्री शमशान घाट के पास घेराबंदी कर एक चारपहिया वाहन को रोका।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीनों व्यक्तियों के पास से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आशीष निर्मलकर, अरमान अहमद और किशोर यादव उर्फ पप्पू बताए। आरोपियों द्वारा नशीली टेबलेट रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये मूल्य की नशीली टेबलेट, बिक्री की नगदी रकम और करीब 3 लाख रुपये कीमत की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की। आरोपियों के खिलाफ थाना गोबरानवापारा में अपराध क्रमांक 11/26 धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




