बिलासपुर

15 अप्रैल को हुई थी शादी, नवविवाहिता की फांसी पर लटकी मिली लाश

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – कोटा क्षेत्र के ग्राम अमाली में रहने वाली 28 वर्षीय युवती की शादी 15 अप्रैल को हुई थी। विदाई के दूसरे दिन मायके वाले उसे लिवाकर लाए। यहां पर युवती की घर के टायलेट में फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिली है। युवती के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है।

Advertisement

इसमें उसने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने और परिवारवालों को परेशान नहीं करने की बात लिखी है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है। पीएम के बाद मामले की जांच की जा रही है।
डीएसपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि कोटा क्षेत्र के अमाली में रहने वाली 28 वार्षिय लक्ष्मी भैना की शादी 15 अप्रैल को हुई थी । बारात जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कांसा से आई थी।

Advertisement

शादी के बाद दूसरे दिन सुबह विदाई हुई। इस दौरान उसके साथ बुआ और मामी भी गई थी। उसी शाम मायके वाले उसे लिवाने के लिए जांजगीर गए। रात को उसे लेकर गांव आ गए। रातभर युवती अपने मायके में थी। युवती 17 अप्रैल की सुबह जागी। तब सब कुछ सामान्य था। वह घर के बाहर बाड़ी में बने टायलेट की ओर गई थी। कुछ देर बाद स्वजन टायलेट की ओर गए तो अंदर में युवती की लाश फांसी के फंदे पर लटक रही थी। आनन-फानन में स्वजन ने फांसी का फंदा काटकर उसे उतारा।

इसके बाद उसे कोटा स्थित स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें युवती ने घटना के पीछे किसी कारण का जिक्र नहीं किया है। उसने स्वजन को परेशान नहीं करने की बात लिखी है। सुसाइड नोट जब्त कर जांच की जा रही है। युवती के ससुराल वालों को थाने बुलाकर बयान दर्ज किया गया है। सगाई के बाद युवती ने अपने भाई को शादी नहीं करने की बात कही थी। उसने अपने भाई से अपने होने वाले पति दुआस भैना के संबंध में पूछताछ भी की थी। तब उसने लड़के को उसके लिए अच्छा बताकर शादी करने के लिए कहा था। इसके बाद सबकुछ सामान्य चल रहा था। शादी के बाद जब उसे मायके वाले लिवाकर लाए तब भी उन्हें कुछ अनहोनी का अंदेशा नहीं था।

Related Articles

Back to top button