नवरात्रि को लेकर कड़ी तैयारी, रतनपुर के मां महामाया मंदिर में कलेक्टर-एसपी ने परखी व्यवस्था

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनीश सिंह ने मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। नवरात्रि पर्व को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह रतनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मां महामाया के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान ग्रामीण एएसपी मधुलिका सिंह, कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय, रतनपुर थाना प्रभारी, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित जैन सहित जिला प्रशासन और मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और निगरानी व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रशासन का कहना है कि नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे। एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।




