तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई कार, दो युवकों की मौके पर मौत

भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी, तभी सेंट्रल एवेन्यू रोड पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने दोनों युवकों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सेक्टर-6 निवासी 23 वर्षीय दीपक गुप्ता और 15 वर्षीय कौशिक दास के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।




