गणतंत्र दिवस की अंतिम रिहर्सल सम्पन्न, बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहली बार करेंगे ध्वजारोहण

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) बिलासपुर – गणतंत्र दिवस के 76वें वर्ष में प्रवेश से पहले न्यायधानी बिलासपुर पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग चुकी है। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। पुलिस परेड ग्राउंड में आज समारोह की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुई।26 जनवरी को इसी पुलिस परेड ग्राउंड में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ध्वजारोहण करेंगे।
शनिवार सवेरे आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया। इस मौके पर कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि के आगमन, स्वागत, ध्वजारोहण, परेड सलामी, मार्च पास्ट, परेड कमांडरों से परिचय और पुरस्कार वितरण की सभी प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्कूली टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर देशभक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस वर्ष का समारोह खास है, क्योंकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहली बार बिलासपुर जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। फुल ड्रेस रिहर्सल के सफल आयोजन के साथ ही अब जिलेवासियों को 26 जनवरी के उस ऐतिहासिक पल का इंतजार है, जब मुख्यमंत्री की मौजूदगी में तिरंगा शान से लहराएगा और देशभक्ति का जज्बा चरम पर होगा।




