शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा, ओडिशा के कारोबारी से राजधानी में 2 करोड़ की ठगी

रायपुर – शेयर मार्केट में निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर ठगों ने ओडिशा के एक कारोबारी से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। मामला रायपुर के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
पीड़ित कारोबारी नेमीचंद जैन के अनुसार, वह एक मैसेंजर प्लेटफॉर्म के ग्रुप से जुड़ा था, जहां शेयर मार्केट में निवेश से जुड़े टिप्स और मुनाफे की जानकारी दी जाती थी। शुरुआत में कारोबारी ने 1 लाख रुपये निवेश किए, जिसके बदले उसे 13 लाख रुपये का मुनाफा दिया गया। इससे विश्वास बढ़ा और वह ठगों के जाल में फंसता चला गया।
इसके बाद आरोपियों ने 2 करोड़ रुपये निवेश करने पर महज पांच दिन में 40 लाख रुपये मुनाफा दिलाने का लालच दिया। कारोबारी को रायपुर बुलाया गया और फाफाडीह स्थित लालगंगा मिडास में कैश के रूप में पैसे लिए गए। लेकिन न तो तय मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई।
मामले की शिकायत मिलने पर देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने जांच के बाद सुमित नंदा, अर्चना अग्रवाल, विकास साहु और अजय त्रिपाठी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे ठगी नेटवर्क की जांच की जा रही है।




