जमीन में गड़ा मिला शव, बाहर दिखे हाथ-पैर….

रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भरेंगाभाटा इलाके में जमीन में गड़ा हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने जमीन के बाहर एक हाथ और एक पैर दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव को जमीन में दबाया गया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। शव को बाहर निकालने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।प्रारंभिक तौर पर यह मामला हत्या का माना जा रहा है, लेकिन असल कारणों का खुलासा शव के बाहर निकलने और जांच के बाद ही हो पाएगा। इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।




