बिलासपुर में तोते की तस्करी करने वाले आरोपी की बुलेट होगी राजसात

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में वन विभाग की कार्रवाई के बाद अब तोते के सौदागर की बुलेट राजसात होने जा रही है। कुछ दिन पहले राज्य उड़नदस्ता टीम ने बिलासपुर वन परिक्षेत्र की टीम के साथ मिलकर शहर में दबिश दी। अपोलो अस्पताल के सामने एक युवक एलेक्जेंड्राइन पैराकीट यानी तोता बेचते पकड़ा गया। घेराबंदी कर लिंगियाडीह निवासी साहिल खरे को सीजी 11 एआर 3528 नंबर की Royal Enfield 500 बुलेट सहित गिरफ्तार किया गया।
उसके कब्जे से दो तोते बरामद हुए, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-2 में शामिल संरक्षित प्रजाति है। वन विभाग ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अब जब्त की गई बुलेट को भी राजसात करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बिलासपुर वन परिक्षेत्र कार्यालय से दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। एसडीओ की स्वीकृति के बाद वाहन शासन के पक्ष में जब्त कर लिया जाएगा। वन विभाग ने साफ कर दिया है कि वन्यजीव तस्करी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




