व्यापार विहार में धधका तेल गोदाम, दूर-दूर तक दिखीं आग की लपटें

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के व्यापार विहार इलाके में शनिवार सुबह अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेल गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम धुएं और लपटों से घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। वहीं तारबाहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए है।
जानकारी के अनुसार व्यापार विहार स्थित तेल गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और दूर तक उठता धुआं इलाके में साफ दिखाई दे रहा था। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी हुई है। आग फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया है और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर लगातार मौजूद है।




