होली पर शराब दुकान खोलने के फैसले का विरोध, शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – शहर में होली के दिन शराब दुकानें खुली रखने के फैसले का विरोध तेज हो गया है। छत्तीसगढ़ शिवसेना के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की है।संगठन का कहना है कि होली आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है, लेकिन ऐसे मौके पर शराब दुकानों के खुले रहने से शहर में विवाद, मारपीट और कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि त्यौहारों के दौरान शराब के कारण पहले भी कई अप्रिय घटनाएं सामने आ चुकी हैं।शिवसेना नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन जनभावनाओं को देखते हुए होली के दिन शराब दुकानें बंद रखने का फैसला करेगा, या फिर विरोध के बीच अपना निर्णय बरकरार रखेगा। शहरवासियों की नजर अब प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।




