प्रशासन व पुलिस ने सुरक्षा मे झोंकी ताकत, डर और ख़ामोशी के बीच नीट परीक्षा शुरू

(दिलीप जगवानी/जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – नीट यूजी पुनः परीक्षा को लेकर बिलासपुर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में आज करीब 7 हजार 896 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे से शुरू हो रही इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का सिलसिला सुबह 11 बजे से ही शुरू हो गया था.
परीक्षा के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सभी केंद्रों में सुरक्षा, निगरानी और प्रवेश व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की।हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी इस अहम परीक्षा को लेकर प्रशासन कोई भी चूक नहीं चाहता। यही वजह है कि सुरक्षा से लेकर व्यवस्थाओं तक हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी गई है। अब सभी की निगाहें परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन पर टिकी हैं, जहां अभ्यर्थी अपने मेडिकल करियर के सपनों को साकार करने के लिए परीक्षा देंगे। यह जिला प्रशासन के लिए भी परीक्षा की घड़ी है।




