नदी किनारे मिली युवक की संदिग्ध लाश….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – शहर के गोड़पारा इलाके में नदी किनारे स्थित एक लकड़ी टाल परिसर में एक युवक की लाश संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दिया।
गोड़पारा इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्थानीय लोगों ने नदी किनारे बने लकड़ी टाल के पास एक युवक की लाश देखी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। मृतक की पहचान जांजगीर जिले के सारागांव थाना क्षेत्र के ग्राम दादरा निवासी राजेश महंत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश पहले इसी लकड़ी टाल में काम करता था, लेकिन बाद में उसने पेंटिंग और मजदूरी का काम शुरू कर दिया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह शराब का आदी था।
हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया है और अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। शव को फिलहाल मरचुरी में सुरक्षित रखा गया है, जब तक कि मृतक के परिजन वहाँ नहीं पहुंचते। पुलिस का कहना है कि वह हर एंगल से जांच कर रही है क्या यह एक हादसा था, आत्महत्या या फिर किसी साजिश का हिस्सा? इन सभी सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और मृतक के मोबाइल रिकॉर्ड्स और पिछले संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है।




