सीपत में भटके किशोर हाथी ने महिला पर किया हमला, वन विभाग अलर्ट पर

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर/सीपत। सीपत इलाके में एक बार फिर हाथियों का आतंक फैल गया है। कटघोरा वनमंडल से भटका एक किशोर हाथी शुक्रवार देर रात सोंठी वन क्षेत्र में पहुंच गया। सुबह होते-होते वह खोंधरा, सोंठी, कारीछापर होते हुए भरुवाडीह जंगल तक पहुँच गया।
सुबह करीब 5.30 बजे भरुवाडीह की रहने वाली संत बाई ऊईके रोज की तरह जलाऊ लकड़ी लेने जंगल गई थीं। उसी दौरान भटके हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। वन विभाग टीम ने तुरंत उपचार की व्यवस्था की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सीपत सर्किल के डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल ने बताया कि प्रजनन काल होने के कारण यह हाथी झुंड से अलग होकर आबादी वाले इलाके में आ गया है। हाथी की लोकेशन ट्रैक करने ठरकपुर और भरुवाडीह क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इधर ग्रामीणों ने बताया कि हाथी ने भरुवाडीह में एक प्लॉट की फेंसिंग तोड़ दी और खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया। गांव के आसपास लगातार हाथी के पगचिह्न देखे जा रहे हैं। इसके चलते वन विभाग लगातार मुनियादी कार्य कर रहा है और गांवों में अलर्ट जारी किया जा रहा है।




