नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक का तांडव, बाइक व तीन कारें क्षतिग्रस्त, घर की दीवार में घुसी गाड़ी.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर। शहर में बीती रात नशे में धुत एक स्कॉर्पियो चालक ने पूरी सड़क पर आतंक फैला दिया। घटना 27 खोली मेन रोड की है, जहां जयंत जोशी नामक युवक ने तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए कई वाहनों को नुकसान पहुंचा दिया।
जयंत जोशी, निवासी पारिजात कैसल रिंग रोड–2 और पूर्व में पुलिस विभाग में फॉलो गार्ड के रूप में काम कर चुका है, शुक्रवार देर रात जांजगीर–चांपा से वापस लौटा था। रात करीब 1:30 बजे उसने नशे की हालत में स्कॉर्पियो (CG10CB 8777) चलाना शुरू किया और नियंत्रण खो बैठा।
सबसे पहले उसने एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने तीन अन्य कारों को भी ठोकर मार दी, जिनमें दो कारों को भारी नुकसान हुआ। हादसों की यह श्रृंखला तब रुकी जब गाड़ी सीधे एक मकान के मुख्य द्वार और दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि घर का बाहरी हिस्सा टूट गया और पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया। जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसके खिलाफ आवश्यक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस लापरवाही से कई लोगों की जान खतरे में पड़ी, इसलिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।




