रायपुर

नाबालिग को ढाल बनाकर कर रहे थे गांजा तस्करी, पुलिस ने दंपति समेत तीन को पकड़ा

रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टिकरापारा थाना पुलिस ने 15 किलो 431 ग्राम गांजा के साथ एक दंपति और एक नाबालिग बालिका को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।

Advertisement

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड के पास कुछ लोग गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 15.431 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नाबालिग बालिका आरोपियों की रिश्तेदार नहीं थी, बल्कि पुलिस की नजरों से बचने और खुद को परिवार दिखाने के लिए उसे साथ रखा गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी हंस राज और उसकी पत्नी सोनिया गुज्जर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जबलपुर में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार और उसमें नाबालिगों के इस्तेमाल को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button