Uncategorized

छत्तीसगढ़ में मानसून की आहट, 5 दिन बारिश-आंधी के आसार; 13 जिलों के लिए अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। साथ ही मानसून के प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।

Advertisement

बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान दुर्ग में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा जशपुरनगर में 2 सेंटीमीटर, केल्हारी, मनोरा और वाड्रफनगर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश से तेलंगाना होते हुए दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक दूसरी द्रोणिका बनी हुई है। इसके साथ ही पूर्वी विदर्भ और दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं।

 

विभाग ने राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, बालोद, जशपुर, रायगढ़, कबीरधाम, बेमेतरा, कोंडागांव और बस्तर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Back to top button