बेटे ने की मां से मारपीट, इलाज के दौरान हुई मौत, आरोपी बेटा गिरफ्तार

जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां के साथ मारपीट की, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह घटना सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम महुआ कापुटोली की है, जहां आरोपी सुंदर साय (21 वर्ष) ने अपनी मां गेंदी बाई (60 वर्ष) के साथ झगड़े के दौरान लात-घूंसों से मारपीट की थी। घायल महिला को पहले सन्ना अस्पताल और फिर जशपुर होते हुए रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण शरीर पर आई चोटों को बताया गया, जिसके बाद आरोपी बेटे सुंदर साय के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मामला अब न्यायालय में विचाराधीन है।




