दुर्ग

सुने मकानों में चोरी करने वाले, अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने नेहरू नगर पश्चिम में हुए लाखों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, वाहन, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद किए हैं।

Advertisement

मामला सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर पश्चिम का है, जहां 4 मई को एक परिवार धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने घर में ताला लगाकर गया था। अगले दिन लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोना, हीरा, चांदी के आभूषण तथा करीब साढ़े तीन लाख रुपये नगद गायब थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पता चला कि गिरोह पहले सूने मकानों की रेकी करता था और फिर मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के आभूषण मेरठ में बेच दिए गए थे और रकम का आपस में बंटवारा कर लिया गया था।

 

दुर्ग पुलिस की विशेष टीम ने उत्तरप्रदेश और दिल्ली में दबिश देकर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए आभूषण, नगदी, जुपिटर और सेल्टोस वाहन, मोबाइल फोन तथा ताला तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं नागरिकों से अपील की गई है कि घर लंबे समय तक खाली छोड़ने पर पड़ोसियों को सूचना दें, सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button