छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी की चेतावनी: अगले 48 घंटों तक कई जिलों में हीट वेव का खतरा, सतर्क रहने की अपील

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान हीट वेव यानी भीषण गर्मी की लहर चलने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, रायपुर केंद्र द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से कहीं अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे गर्मी का कहर और तेज़ हो सकता है।
अगले 24 घंटों के दौरान कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़ बिलाईगढ़, सक्ती, जांजगीर-चाम्पा, रायपुर, बलौदा बाजार और बेमेतरा जिलों के कुछ क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
इसके अलावा अगले 48 घंटों तक बिलासपुर, कोरबा, रायपुर, बलौदा बाजार, मुंगेली, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और कांकेर जिलों में भीषण गर्मी की लहर चलने की संभावना जताई गई है।
सावधानियां और बचाव के उपाय
खूब पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें।
दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें।
हल्के रंग के और ढीले कपड़े पहनें, शरीर को ढक कर रखें।
अगर कोई व्यक्ति लू से प्रभावित हो जाए, तो उसे तुरंत छांव में ले जाएं, गीले कपड़े से शरीर को पोंछें और सामान्य तापमान वाला पानी सिर पर डालें।
तो गर्मी से खुद को और अपनों को सुरक्षित रखने के लिए इन बातों का ध्यान रखें। हीट वेव की स्थिति में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।




