बिलासपुर

अचानकमार की सुरक्षा में चूक, वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया वन विभाग, टाइगर रिजर्व में फायरिंग करने वाले 3 गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : अचानकमार टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर जोन से लगे इलाके में हथियारों के साथ मनमानी घुसपैठ ने वन्यजीवों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यह मामला न सिर्फ कानून उल्लंघन का है, बल्कि प्रबंधन की गंभीर चूक को भी उजागर करता है।

Advertisement

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक हथियार लहराते नजर आए, जिसके बाद अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन हरकत में आया।वन विभाग ने पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत वैष्णव उम्र 26 वर्ष, अनिकेत उम्र 27 वर्ष और विक्रांत वैष्णव उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से दो एयर राइफल और एक टाटा सफारी स्टॉर्म वाहन जब्त किया गया है।

Advertisement

 

तीनों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जुडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया।मामले में विभागीय लापरवाही भी सामने आई है।
तत्काल प्रभाव से बैरियर गार्ड को हटा दिया गया है, जबकि संबंधित परिक्षेत्र अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि संरक्षित वन क्षेत्र में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। अगर वीडियो सोशल मीडिया पर सामने नहीं आता, तो क्या यह मामला दबा रह जाता?फिलहाल वन विभाग सख्त कार्रवाई की बात कर रहा है, लेकिन इस घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

Related Articles

Back to top button