छत्तीसगढ़
सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 2 इनामी माओवादी ढेर, हथियार बरामद

बीजापुर जिले के थाना बासागुड़ा क्षेत्र के गगनपल्ली–मुरकीपार के जंगल पहाड़ों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो माओवादी मारे गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 से 15 सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। 3 जनवरी की सुबह करीब 5 बजे से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।
सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से दो माओवादी के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान एसीएम हुंगा मड़काम उर्फ पंचुगा और पीपीसीएम आयती मुचाकी उर्फ जोगी के रूप में हुई है। दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।मौके से एक एसएलआर रायफल, 12 बोर देशी कट्टा, स्कैनर सेट, विस्फोटक सामग्री और माओवादी साहित्य भी बरामद किया गया है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।




