आरआरबी ने रद्द की असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती परीक्षा

रेलवे भर्ती बोर्ड ने असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती की सीबीटी-2 की 19 मार्च को पहली और दूसरी शिफ्ट की परीक्षा कैंसिल कर दी है. आरआरबी ने बताया है कि परीक्षा किसी अन्य तारीख पर होगी. जिसकी घोषणा बाद में की जाएगी. आरआरबी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, असिस्टेंट लोको पायलट सीबीटी-2 परीक्षा तकनीकी खराबी के चलते बुधवार को नहीं हो सकी.
आरआरबी ने इस संबंध में नोटिस जारी करके कहा, तकनीकी समस्याओं के कारण 19 मार्च को निर्धारित परीक्षा उन केंद्रों पर पुनर्निधारित की जा रही है, जहां परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकी. परीक्षा की नई तिथि जल्द ही जारी होगी. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आगे की अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखें.
बताया जा रहा है कि पहली शिफ्ट में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी काफी देर तक सिस्टम पर बैठे रहे लेकिन सर्वर पर प्रश्न ही नहीं आए. बता दें कि आरआरबी असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती सीबीटी-2 परीक्षा का आयोजन 19 और 20 मार्च तक देश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कराया जाना है. परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र भी जारी कर दिया है.




