RPF की छापेमारी : रेलवे टिकट दलाल गिरफ्तार, 11 ई-टिकट बरामद

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर रेल मंडल से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रेलवे सुरक्षा बल ने रतनपुर क्षेत्र में छापा मारकर अवैध रूप से रेलवे ई-टिकट का कारोबार कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से फर्जी बुकिंग के कई सबूत भी बरामद किए गए हैं।
दिनांक 26 जून को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रेल सुरक्षा बल पोस्ट बिलासपुर की टीम उप निरीक्षक एस. बी. सिंह, आरक्षक गजेंद्र सिंह और बैधनाथ ने रतनपुर थाना की अनुमति के बाद ग्राम नेवसा स्थित श्याम इंटरप्राइजेज में छापा मारा।
दुकान में मौजूद युवक अभिषेक कुमार कश्यप, उम्र 23 वर्ष, के पास से जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वह अपनी व्यक्तिगत IRCTC यूजर आईडी (ID: tra0207) से ई-टिकट बुक करता था… और प्रत्येक टिकट पर यात्रियों से 50 से 100 रुपये अतिरिक्त वसूली करता था।
आरोपी के मोबाइल और कम्प्यूटर से कुल 11 ई-टिकटें पाई गईं, जिनमें से 5 पूर्व की यात्रा की और 6 भविष्य की थीं। इन टिकटों की कुल कीमत ₹10,625.60 आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अवैध टिकट व्यापार में लिप्त होने की बात कबूल की। RPF ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 और 179 के तहत अपराध क्रमांक 2731/2025 दर्ज किया है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम कार्यवाही के लिए RPF पोस्ट बिलासपुर में पेश किया गया। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट बुकिंग हमेशा IRCTC की अधिकृत साइट या एजेंट से ही करें।




