24 घंटे में लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई संपत्ति और वाहन बरामद..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों से की गई लूट की वारदातों का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। दोनों मामलों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई सम्पत्ति भी बरामद कर ली गई है।
27 अप्रैल को कुदुदंड और महाराणा प्रताप चौक में लूट की दो घटनाओं से शहर में सनसनी फैल गई थी। पहली वारदात में मोबाइल से बात कर रही युवती सुष्मिता से मोबाइल फोन छीन लिया गया। दूसरी घटना में राह चल रही शकुंतला यादव से लेडीज़ बैग लूटा गया, जिसमें मोबाइल, सोने के कान के टॉप्स और नकदी रखी थी।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को धरदबोचा। गिरफ्तार आरोपी हैं गोविंद मानिकपुरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी अशोक नगर, सिविल लाइन थाना क्षेत्र और निर्मल टंडन, उम्र 21 वर्ष, निवासी शैलेंद्र नगर, थाना सकरी क्षेत्र का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल फोन, कीमत लगभग 18,000 रुपये,सोने के टॉप्स, कीमत करीब 8,000 रुपये, नगदी 2,100 रुपये ,स्कूटी और बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल बरामद किया है।
पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने घटना स्थलों के आस-पास से तकनीकी इनपुट एकत्र कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। फिलहाल दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




