साइबर अपराध की रोकथाम: STATE CONNECT PROGRAMME के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

रायपुर: पुलिस मुख्यालय में गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के STATE CONNECT PROGRAMME के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराध की रोकथाम और प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, I4C के निदेशक बादल कौशिक और उनकी टीम द्वारा राज्यभर के 8 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 25 उप पुलिस अधीक्षक सहित कुल 129 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर अपराध से निपटने की रणनीतियों पर प्रशिक्षित किया गया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से साइबर अपराधों की नवीनतम चुनौतियों से निपटने के लिए अधिकारियों को अत्याधुनिक तकनीकों और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल साक्ष्यों को एकत्र करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी, हैकिंग, और साइबर हमलों की रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध एक गंभीर चुनौती बन चुका है, और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से राज्य की पुलिस को साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
I4C निदेशक बादल कौशिक ने कहा कि यह पहल पुलिस अधिकारियों को आधुनिक साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रशिक्षित अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में साइबर अपराध नियंत्रण को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन से राज्य की साइबर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।




