जिस रास्ते से गुजरेगा राष्ट्रपति का काफिला, वहां हुआ सड़क हादसा..

(रायपुर ब्यूरो) : रायपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन से पहले बड़ा सड़क हादसा हो गया। सोमवार सुबह करीब 5 बजे रिंग रोड नंबर 3 पर एक रेत से भरे डंपर और पेंट लदे ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में डंपर चालक और खलासी को चोटें आई हैं।
टक्कर के बाद पेंट सड़क पर फैल गया, जिससे वहां फिसलन बढ़ गई। यह मार्ग राष्ट्रपति के काफिले के तय रूट में शामिल था, जिससे प्रशासन तुरंत हरकत में आया।
हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रिंग रोड नंबर 3 के एक हिस्से को आम ट्रैफि
क के लिए बंद कर दिया और राष्ट्रपति के रूट को सुरक्षित किया। यातायात पुलिस और प्रशासन की टीमें सड़क को साफ करने में जुटी हुई हैं।
यह हादसा मंदिर हसौद थाना इलाके में हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रकों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि जल्द से जल्द यातायात सुचारू किया जा सके।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सतर्क था। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और नगर निगम की टीमों ने सड़क से पेंट हटाने का काम शुरू कर दिया है, ताकि किसी अन्य वाहन चालक को परेशानी न हो।




