बिलासपुर मंडल के नए डीआरएम राकेश रंजन ने संभाला पदभार….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर मंडल को नया मंडल रेल प्रबंधक मिल गया है। राकेश रंजन ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के रूप में पदभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडल की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के नये मंडल रेल प्रबंधक के रूप में राकेश रंजन ने 22 दिसंबर 2025 को पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने मंडल के सभी शाखा अधिकारियों के साथ बैठक की और उनसे परिचय प्राप्त किया। बैठक के दौरान श्री रंजन ने मंडल में चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और रेलवे परियोजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समय पर पूरे हों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
राकेश रंजन 1996 बैच के भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियर्स सेवा (आईआरएसएसई) के अधिकारी हैं। बिलासपुर आने से पहले वे पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर में चीफ सिग्नल इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे।
अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने रेलवे के कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वे बरौनी और गोरखपुर में एएसटीई, हैदराबाद स्थित आईआरआईएसईटी में प्रोफेसर, पूर्व मध्य रेलवे में मुख्य संचार इंजीनियर, रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड में निदेशक और रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली में कार्यकारी निदेशक (टेलीकॉम डेवलपमेंट) के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
रेलटेल में निदेशक रहते हुए उन्होंने रेलवे में नई तकनीकों को बढ़ावा दिया। सिग्नल सिस्टम को और सुरक्षित बनाने के लिए नई पीढ़ी के एक्सल काउंटर और आईपी आधारित संचार प्रणालियों के विकास में उनका अहम योगदान रहा है।
तकनीकी और प्रशासनिक अनुभव से भरपूर राकेश रंजन के नेतृत्व में बिलासपुर मंडल में रेलवे विकास कार्यों, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




