स्कूल के जर्जर कमरे में मिला लापता चिन्मय का शव…..

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के भरारी गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 31 जुलाई से लापता 13 वर्षीय चिन्मय सूर्यवंशी का शव गांव के एक पुराने सरकारी स्कूल के जर्जर कमरे में बरामद किया गया। कमरे से उठ रही तेज दुर्गंध पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। अंदर बच्चे का शव कई दिनों पुरानी हालत में मिला।
चिन्मय 31 जुलाई की शाम घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को हत्या मान रही है। संदेह के आधार पर गांव के एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।




